पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, 10वीं के छात्र की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

 

भागलपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गोराडीह थाना क्षेत्र के तरछा गांव के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।

एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में मोटरसाइकिल सवार दसवीं कक्षा के 16 वर्षीय छात्र पीयूष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। पीयूष अपने घर का इकलौता चिराग था। वहीं, बाइक पर सवार उसके दो अन्य दोस्त इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गोराडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर