सड़क हादसे में घायल महिला की मायागंज अस्पताल में मौत
भागलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। शहर में अनियंत्रित और तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कटहल बाड़ी के समीप का है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई।
इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया है। मृतका की पहचान रामदुलारी देवी के रूप में हुई है।
वह सड़क पार कर कूड़ा फेंकने जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर दूर जा गिरीं।
इस हादसे में उनके दोनों पैर टूट गए और पेट में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की नाजुक हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन आंतरिक और गंभीर चोटों के कारण उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई। आखिरकार, जिंदगी और मौत से जूझते हुए रामदुलारी देवी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
महिला की मौत से उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक सवार को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर बाइक की रफ्तार और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर