सड़क हादसे में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत

 


भागलपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। जिले के अकबरनगर थाना क्षेत्र के पैन गांव में सड़क दुघर्टना में घायल हुए नरेश साह की मायागंज अस्पताल में बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई।

उल्लेखनीय है कि तेज रफ्तार मैजिक वैन की चपेट में आने से 75 वर्षीय बुजुर्ग नरेश शाह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। यह हादसा बीती 16 अगस्त की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उस समय हुआ, जब वे खाना खाने के बाद अपने घर के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान सुल्तानगंज से भागलपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित मैजिक वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

दुर्घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन के अनुसार, डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट और ब्लड क्लॉटिंग (खून का थक्का जमना) होने की बात बताई थी। अस्पताल में दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद आखिरकार बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया।

मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के नाती प्रशांत कुमार ने बताया कि घटना की लिखित सूचना अकबरनगर थाने में दे दी गई है। थाना अध्यक्ष ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई और जांच का भरोसा दिया है। फिलहाल पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और फरार मैजिक वैन चालक की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर