अज्ञात वाहन ने मजदूर को कुचला, इलाज के दौरान भागलपुर में मौत
भागलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। बांका पुलिस लाइन के समीप एक अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल मजदूर की सोमवार को भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नोनीहारी गांव निवासी स्वर्गीय श्याम पासवान के पुत्र कैलाश पासवान के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि कैलाश पासवान रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बांका पुलिस लाइन के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी परिजन को दी।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजन में शोक की लहर दौड़ गई।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर