सड़क दुघर्टना में एक व्यक्ति की मौत

 


भागलपुर, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूपुर मोड़ के समीप बीते देर रात हुए सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सीएनजी ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल ऑटो सवार निजी अस्पताल कर्मी अजीत कुमार की इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में मौत हो गई, जबकि कहलगांव निवासी अनिरुद्ध यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

मृतक अजीत कुमार सबौर के ब्लॉक रोड के रहने वाले थे। मायागंज अस्पताल ले जाने पर शुरुआत में काफी देर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में सूचना मिलने पर उनकी बेटी अलका कुमारी और दामाद प्रवीण कुमार अस्पताल पहुंचे और शव की शिनाख्त की। हादसे में घायल 28 वर्षीय अनिरुद्ध यादव कहलगांव के चौधरी टोला का रहने वाला है।

दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो का चालक और उस पर सवार दो अन्य लोग मौके से फरार हो गए। वहीं स्कॉर्पियो पर सवार 5-6 अन्य लोगों के भी घायल होने की बात सामने आई है, जिनका इलाज किसी निजी अस्पताल में चल रहा है।

सबौर थाना के एसआई संजय कुमार यादव ने बताया कि पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को मायागंज अस्पताल पहुंचाया था। शनिवार को मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर