ट्रैक्टर की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत

 


भागलपुर, 28 जून (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित रत्तीपुर बेरिया के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई। मृतक की पहचान रत्तीपुर बेरिया निवासी पिंटू साह के पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के चाचा पप्पू साह ने बताया कि प्रेम कुमार पैदल दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम लगभग 20 से 25 फीट तक ट्रैक्टर के साथ घिसटता चला गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को उपचार के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल जेएलएनएमसीएच ले जाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही नाथनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बताया गया कि मृतक के पिता पिंटू साह महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वे भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर