सड़क दुघर्टना में दो युवक की मौत

 


भागलपुर, 23 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क हादसे में दो युवक की माैत हाे गयी। यह हादसा लाली होटल के सामने, दयालपुर चौक से लगभग 100 मीटर पहले हुआ, जहां ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। दूसरे घायल युवक को झंडापुर थाना के सब-इंस्पेक्टर उमेश कुमार सिन्हा ने तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां से घायल को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी मृत घोषित कर दिया।

मृतकों खरीक प्रखंड के तेलघी गांव निवासी मनीष कुमार रॉय पिता शंकर राय और विनीत सिंह पिता पंकज सिंह है। दोनों युवकों की असमय मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर