गंगा स्नान के दौरान डूबकर युवक लापता
भागलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। जिले के सबौर थाना क्षेत्र के बाबुपुर गंगा घाट पर सोमवार को स्नान के दौरान एक युवक पानी में डूबकर लापता हो गया। लापता युवक की पहचान कजरेली थाना क्षेत्र निवासी प्रमोद यादव के बेटे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करीब 150 की संख्या में ग्रामीण गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचे थे।इसी दौरान स्नान करते वक्त युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उधर घटना की सूचना मिलते ही सबौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में जुट गई है। पिछले तीन घंटे से लगातार खोजबीन की जा रही है। लेकिन अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना का सबसे भावुक पहलू यह है कि युवक के दो छोटे बच्चे भी उसके साथ घाट पर मौजूद थे। बच्चों के सामने ही उनके पिता गंगा में लापता हो गए। जिसके बाद से बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर