इलाज के दौरान सड़क हादसे में घायल युवक की मौत

 


सुपौल, 08 अक्टूबर (हि.स.)। सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल त्रिवेणीगंज निवासी एक युवक की नेपाल के न्यूरो अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक बसबिट्टी निवासी रामचंद्र कामत के पुत्र रणधीर कामत (32) है। मौत की सूचना मिलते ही परिजन में मातम पसर गया। पत्नी और दो छोटी बेटियों समेत परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार रणधीर कामत अपनी नानी के घर से वापस लौट रहा था। इसी दौरान बलुआ और नुनुपट्टी के बीच सड़क पर वह हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल रणधीर को इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया। सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे नेपाल स्थित न्यूरो अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे नेपाल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इसके बाद परिजन शव लेकर सुपौल पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।

परिजनों के अनुसार रणधीर की शादी करीब चार वर्ष पहले त्रिवेणीगंज में हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटी बेटियां हैं। हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन लगातार उसके इलाज में जुटे रहे, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।

सदर थानाध्यक्ष राम सेवक रावत ने गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत का मामला सामने आया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र