इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजन ने डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप

 


भागलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के पिरपैंती थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला पिंकी देवी का मंगलवार को मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त महिला तीन महीने की गर्भवती थीं। उनका घर पीरपैंती के दिलौड़ी कालीप्रसाद इलाके में बताया जा रहा है। परिजन के अनुसार, गर्भ में पल रहा बच्चा खराब हो गया था। जिसके बाद गर्भपात कराने के लिए वे एक स्थानीय डॉक्टर के पास पहुंचे।

आरोप है कि आशा कार्यकर्ता के माध्यम से महिला का गर्भपात कराया गया और इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। घर लौटने के कुछ ही समय बाद पिंकी देवी को तेज पेट दर्द शुरू हो गया। जब परिजन दोबारा डॉक्टर के पास पहुंचे, तो डॉक्टर ने इसे गैस की समस्या बताकर नजरअंदाज कर दिया और बाद में उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। हालत लगातार बिगड़ती गई और जब महिला को मायागंज अस्पताल ले जाया गया, तो वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल परिजन इस मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं और संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से जांच की बात कही जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर