सड़क दुघर्टना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

 


भागलपुर, 01 जून (हि.स.)। बांका जिले के सबलपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में घायल होकर मायागंज अस्पताल पहुंचे एक युवक की मौत सोमवार को इलाज के दौरान हो गई।

इस दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर अब दो हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति अभी भी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

बताया जा रहा है कि बांका के सबलपुर में तेज रफ्तार से आ रही दूध सप्लाई करने वाली गाड़ी ने तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया गंभीर रूप से घायल एक युवक को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। मृतक की पहचान पप्पू दास 35 वर्ष पिता गोवर्धन दास, के रूप में हुई है। वहीं, दूसरे मृतक के शव को बांका पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है।

हादसे में घायल तीसरे व्यक्ति की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह वाहन की तेज रफ्तार मानी जा रही है।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं एक ओर मायागंज अस्पताल में परिजनों की आंखों के सामने एक युवक ने अंतिम सांस ली, वहीं दूसरी ओर एक और जिंदगी अस्पताल के बिस्तर पर मौत से जंग लड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर