नालंदा में युवक का शव बरामद, पीट-पीटकर हत्या की आशंका

 

नालंदा, बिहारशरीफ 25 जून (हि.स.)। सोहसराय थाना क्षेत्र के 17 नंबर श्मशान के पीछे गुरुवार की सुबह एक युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

मृतक की पहचान सलेमपुर बीच बाजार निवासी सुधीर साव के 30 वर्षीय पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों के अनुसार राजन मंगलवार की शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार सुबह उसका शव खेत में पड़ा मिला।

परिजनों ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेरहमी से पिटाई की गई और बाद में हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया गया।

मृतक के भाई साहिल कुमार ने आरोप लगाया कि जिस इलाके में शव मिला है, वहां आसपास शराब माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि शराब कारोबारी खेतों में शराब छिपाकर रखते हैं। आशंका है कि राजन ने उनकी गतिविधियों को देख लिया होगा, जिसके कारण उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।

सदर डीएसपी रामदुलार प्रसाद ने बताया कि पिटाई से युवक का मौत होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रमोद पांडे