पंखे से लटका मिला आशा कार्यकर्ता का शव
सारण, 06 मई (हि.स.)। मकेर स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत एक 26 वर्षीय आशा कार्यकर्ता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके मायके में पंखे से लटका हुआ पाया गया। मृतका की पहचान फुलवरिया पंचायत के चकिया गांव निवासी सुरेंद्र राम की पुत्री प्रियंका देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार प्रियंका की शादी 12 वर्ष पूर्व जलालपुर के मोरिया गांव में हुई थी लेकिन पति से अनबन के कारण वह पिछले सात-आठ वर्षों से अपने मायके में ही रह रही थी। वह बीते दो वर्षों से आशा कार्यकर्ता के रूप में सेवा दे रही थी। बीती रात करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर सो गए थे।
प्रियंका अपनी पांच वर्षीय पुत्री नितिका के साथ कमरे में थी। देर रात अचानक मासूम बेटी माई लटकल बा चिल्लाते हुए कमरे से बाहर भागी। बच्ची की चीख सुनकर जब परिजन वहां पहुंचे तो प्रियंका का शव पंखे से झूलता मिला। सूचना मिलते ही मकेर थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की। थानाध्यक्ष संग्राम कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस मृतका के मोबाइल की सीडीआर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रियंका अपने पीछे पांच साल की बेटी और दो छोटे भाइयों को छोड़ गई है। पिता हैदराबाद में मजदूरी करते हैं जबकि मां शनिचरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से पूरे गांव में शोक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार