डीडीसी ने विभिन्न पंचायतों में विकास योजनाओं का लिया जायजा, गुणवत्ता व समय पर कार्य पूरा कराने का निर्देश
सुपौल, 26 सितंबर (हि.स.)। सरकार द्वारा संचालित विकासात्मक एवं जन उपयोगी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए शनिवार को उप विकास आयुक्त, सुपौल इंद्रवीर कुमार ने जिले की विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली और धरातल पर किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान जिला अभियंता, कनीय अभियंता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने पंचायतों में संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में स्थानीय लोगों से भी जानकारी ली। उन्होंने लोगों से यह जानने का प्रयास किया कि योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं तथा संबंधित योजनाएं उनके लिए कितनी उपयोगी साबित हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने योजनाओं के प्रति संतुष्टि व्यक्त करते हुए इनके जन उपयोगी होने की बात कही। डीडीसी ने विभिन्न योजना स्थलों पर पहुंचकर निर्माण एवं क्रियान्वयन की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने धरातल पर किए गए कार्यों की भौतिक स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से योजना की प्रगति और कार्य की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान योजना स्थल पर किए गए कार्यों के साथ-साथ संबंधित योजनाओं की संचिकाओं का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों से योजनाओं की स्वीकृति, क्रियान्वयन और प्रगति से संबंधित आवश्यक जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने उपस्थित जिला अभियंता एवं कनीय अभियंता को निर्देश दिया कि सरकार की ओर से संचालित जन उपयोगी योजनाओं की गुणवत्ता को हर हाल में बरकरार रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान ही कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण या अन्य विकासात्मक कार्य पूरा होने के बाद गुणवत्ता की जांच करने के बजाय कार्य के प्रत्येक चरण में उसकी निगरानी जरूरी है। संबंधित अभियंता नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण करें और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराना सुनिश्चित करें। उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की गुणवत्ता के साथ-साथ उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाना भी अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के समय पर पूर्ण होने से आम लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतने, नियमित निगरानी करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र