ज्ञान, विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान से ही समाज को मिलेगी नई दिशा: उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव
सारण, 15 जुलाई (हि.स.)। ज्ञान, विज्ञान, ईमान, अरमान और सम्मान इन पाँच मापदंडों पर जब सार्थक विकास फलीभूत होता है, तभी समाज को नई दिशा मिलती है। यह बात उप मुख्यमंत्री-सह-प्रभारी मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने बुधवार को दरियापुर स्थित दरिहारा डिग्री महाविद्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ नीना झा ने विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय तीन के चौथे निश्चय के तहत शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के 211 प्रखंडों में डिग्री महाविद्यालयों का ऐतिहासिक उद्घाटन किया गया। मुख्य कार्यक्रम के तहत भागलपुर के गोराडिह से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इन सभी महाविद्यालयों का एक साथ उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरगामी सोच के तहत पहले सभी अनुमंडलों और फिर प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेजों की स्थापना का निर्णय लिया गया था, जो आज धरातल पर उतरा है। उन्होंने बताया कि दरियापुर के साथ-साथ सारण जिले के आठ अन्य प्रखंडों मसरख, मढ़ौरा, तरैया, लहलादपुर, पानापुर, एकमा, इसुआपुर और मकेर में डिग्री कॉलेजों की स्थापना से स्थानीय युवाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा की राह बेहद आसान होगी, जिससे शिक्षित बिहार, विकसित बिहार का सपना साकार होगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने उप मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उप मुख्यमंत्री ने फीता काटकर प्रशासनिक भवन का विधिवत उद्घाटन किया। राष्ट्रगान, वंदे मातरम् और बिहार गीत के गायन के साथ ही सभी अतिथि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुख्य उद्घाटन समारोह से जुड़े। इस मौके पर अतिथियों द्वारा परिसर में पौधारोपण भी किया गया।
समारोह में जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय के कुलपति प्रमेन्द्र कुमार बाजपेई ने स्वागत भाषण दिया, जबकि स्थानीय विधायक करिश्मा राय और एम.एल.सी. बीरेन्द्र नारायण यादव ने भी शिक्षा को नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का आधार बताते हुए सरकार के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार