छपरा पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण

 


सारण, 14 अक्टूबर (हि.स.)। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी ई० आनंद पुष्कर के समर्थन में छपरा पहुचें बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने शिक्षकों की भूमिका को समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे नई पीढ़ी के चरित्र निर्माण, सामाजिक चेतना के विकास और एक सशक्त राष्ट्र की नींव रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनकी समस्याओं का समाधान और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शिक्षकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेने की अपील की।

मीडिया को संबोधित करते हुए पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि शिक्षक समाज को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक हैं। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए शिक्षकों का सहयोग और समर्पण आवश्यक है।

इस अवसर पर बिहार राज्य सवर्ण आयोग के अध्यक्ष महाचंद्र प्रसाद सिंह ने भी शिक्षक समुदाय के योगदान को रेखांकित किया तथा सकारात्मक पहल के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में बिहार नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, मांझी विधायक सह चुनाव प्रभारी रणधीर सिंह, कुर्था विधायक सह सारण जिला प्रभारी पप्पू कुमार वर्मा तथा एकमा विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह उपस्थित रहे।

साथ ही एनडीए के पांचों घटक दलों के जिला अध्यक्ष भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इस दौरान एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी ई० आनंद पुष्कर के पक्ष में चुनावी माहौल को मजबूत करने पर विशेष बल दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार