प्लेसमेंट और एनबीए एक्रेडिटेशन पर सरकार का फोकस : उप मुख्यमंत्री

 


पटना, 20 अप्रैल (हि.स.)।

बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के दृढ़ संकल्प के साथ उप मुख्यमंत्री -सह- विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री विजय चौधरी ने आज विभाग की एक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्लेसमेंट और एनबीए एक्रेडिटेशन पर सरकार फोकस करेगी।

राज्य के अभियंत्रण (इंजीनियरिंग) महाविद्यालयों की रैंकिंग पर विशेष बल देते हुए उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विभिन्न संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शिक्षा और आधारभूत संरचनाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि एनबीए जैसी संस्थाओं से एक्रेडिटेशन (मान्यता) प्राप्त करने की दिशा में 'मिशन मोड' में काम हो। जिन संस्थानों ने अब तक एक्रेडिटेशन के लिए क्लेम नहीं किया है, उनका विस्तृत ब्यौरा तलब किया जाए । विभाग में इसके लिए एक सेल का गठन करते हुए नोडल पदाधिकारी नामित किया जाए ।

उप मुख्यमंत्री ने बल देते हुए कहा कि सभी राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों में प्लेसमेंट के अवसर समान रूप से सृजित किये जाएँ । साथ ही, प्लेसमेंट के लिए विभिन संस्थानों के बीच एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित की जाय । उन्होंने इन संस्थाओं को एक 'कंसिस्टेंट एप्रोच' के साथ काम करने की सलाह दी।

विज्ञान और तकनीकी खोजों को आम जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से, उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि विभाग के अन्तर्गत बीआईआरएसएसी द्वारा नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ रिमोट सेंसिंग सेंटर, हैदराबाद से आवश्यक समन्वय स्थापित कर 'नाइट स्काई एटलस' जैसी नवीनतम तकनीक राज्य के विकासात्मक कार्यों के लिए उपयोग किया जाय ।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जाए और उनके अभिभावकों द्वारा प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों पर विभाग तत्परता से कार्य करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी