भाजपा नीति और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है : सम्राट चौधरी
पटना, 06 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों को बधाई एवं शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा नीति और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा ने अपनी गौरवशाली यात्रा संस्थापकों के तप, त्याग और समर्पण के बल पर तय की है और संगठन को राष्ट्रसेवा का सशक्त माध्यम बनाया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व ने पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकसित और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हर कार्यकर्ता का राष्ट्र प्रथम का भाव और सेवा का संस्कार ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जो संगठन को निरंतर आगे बढ़ा रहा है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महापुरुषों के विचारों से प्रेरित एक जीवंत विचारधारा है। अंत्योदय से राष्ट्रोदय के संकल्प के साथ यह संगठन देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यात्रा सत्ता की नहीं, बल्कि संस्कार और विचार की यात्रा है। चौधरी ने कहा कि आज भाजपा की स्थापना के 47 वर्ष पूरे हुए हैं और एक कार्यकर्ता के तौर पर मेरी कामना है कि 47 सौ साल पूरे करे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया। 1950 के दशक में भारतीय जनसंघ जिस विचारधारा पर चल रहा था, वही प्रतिबद्धता आज भी भाजपा में कायम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ ही जनसंघ ने तत्कालीन सत्ता को उखाड़ फेंकने के लिए जनता पार्टी में विलय का निर्णय लिया था। यह निर्णय राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए लिया गया था। चौधरी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम को टेंट से निकालकर भव्य मंदिर निर्माण का कार्य भाजपा ने ही पूरा किया है। भाजपा की यह यात्रा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की यात्रा है, जो देश को एक नई दिशा देने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि यहां एक सामान्य कार्यकर्ता, जो बूथ स्तर से काम करता है, वह देश का प्रधानमंत्री बन सकता है। साथ ही एक साधारण राजनीतिक कार्यकर्ता और विधायक को पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने का अवसर दिया है। भाजपा में कार्यकर्ता और विचारधारा ही सर्वोपरि है।
उपमुख्यमंत्री चौधरी ने अपने आवास पर भाजपा का ध्वज फहराया और वैचारिक महापुरुषों, अमर बलिदानियों तथा लाखों कार्यकर्ताओं को नमन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी