सारण में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सुनी जनता की फरियाद
सारण, 02 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार तथा नगर विकास मंत्री विजय कुमार सिन्हा के छपरा आगमन से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया।
शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में आयोजित भूमि सुधार जनकल्याण संवाद कार्यक्रम के माध्यम से उपमुख्यमंत्री ने सीधे जनता से संवाद किया। कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी कि भूमि विवादों का समाधान कागजों के बजाय धरातल पर दिखना चाहिए। सुबह 11 बजे से शुरू हुई इस जनसुनवाई में जिले के सुदूर प्रखंडों से हजारों लोग अपनी शिकायतों के साथ पहुंचे थे। भीड़ के सुगम प्रबंधन के लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्था की थी। प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए गए थे जहाँ पंजीकरण के बाद क्रमवार तरीके से लोगों को उपमुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बात रखने का मौका मिला।
प्रेक्षागृह में उपस्थित जनसमूह और अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार मुक्त और पारदर्शी शासन व्यवस्था देने के लिए संकल्पित है। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा भूमि संबंधी विवादों की फाइलों को कार्यालयों में दबाकर न रखें। जनता को अपने जायज काम के लिए दफ्तरों की ठोकरें न खानी पड़ें। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी या कर्मी कार्य में लापरवाही बरतेंगे या फाइलों को अटकाएंगे उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व कर्मियों और पंचायती राज अधिकारियों की हालिया हड़ताल पर उपमुख्यमंत्री ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों और जनहित की सेवाओं में किसी भी प्रकार का गतिरोध स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध प्रशासन दंडात्मक कार्रवाई करेगा। अपने दौरे की शुरुआत उपमुख्यमंत्री ने शहर के सुप्रसिद्ध बाबा धर्मनाथ धनी मंदिर में महादेव के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की।
जनकल्याण संवाद कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने समाहरणालय में जिला प्रशासन के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन सुबह से ही अलर्ट रहा। समाहरणालय से लेकर प्रेक्षागृह तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव स्वयं मौके पर रहकर पूरी व्यवस्था की कमान संभाल रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने अंत में जनता को आश्वस्त किया कि प्राप्त हुई हर शिकायत की मॉनिटरिंग पटना स्तर से की जाएगी और एक निश्चित समय सीमा के भीतर उनका स्थायी समाधान निकाला जाएगा। इस अवसर पर राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के प्रधान सचिव सीके अनिल, विशेष कार्य पदाधिकारी चंद्रिमा अत्री, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, एसएसपी विनीत कुमार, भू अर्जन निदेशालय के निदेशक कमलेश कुमार सिंह, अपर सचिव आजीव वत्सराज, उप निदेशक मोना झा, विशेष कार्य पदाधिकारी मणि भूषण किशोर, सुधा रानी, सोनी कुमारी, नवाजिश अख्तर, उप सचिव डॉ सुनील कुमार, संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सुधांशु शेखर, सुमित कुमार आनंद, अमरेंद्र कुमार, सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क अधिकारी जूही कुमारी समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार