सिहे में स्व. लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा का अनावरण, उपमुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणास्रोत
सुपौल, 16 मई (हि.स.)। सुपौल सदर प्रखंड के बकौर पंचायत स्थित हरिजन उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिहे परिसर में शनिवार को स्वर्गीय लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया गया। बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक विजेंद्र प्रसाद यादव ने फीता काटकर प्रतिमा का अनावरण किया और स्व. मंडल के सामाजिक एवं शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया।
उपमुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सिहे पहुंचे यादव का स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान स्व. लड्डूलाल मंडल के पुत्र एवं जिला परिषद सदस्य महेश्वरी प्रसाद यादव तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने उन्हें पाग, चादर और बुके भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. लड्डूलाल मंडल ने शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में जो कार्य किए, वह आने वाली पीढ़ियों को नई दिशा देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और ऐसे महान लोगों की स्मृतियों को संजोना समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और समाजहित में आगे बढ़कर कार्य करने की अपील भी की। समारोह में सांसद दिलीश्वर कामैत, निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव, पिपरा विधायक रामविलास कामत, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्वागत समारोह भी आयोजित किए गए।
छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं के साथ अतिथियों का अभिनंदन किया। लोगों ने उम्मीद जताई कि स्व. लड्डूलाल मंडल की प्रतिमा समाज में शिक्षा, सेवा और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती रहेगी।समारोह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अंत में अतिथियों ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र