जिला स्तरीय 'बेटी जन्मोत्सव' आयोजित: डीएम ने नवजात बेटियों की माताओं को किया सम्मानित, बांटी बेबी किट

 


कटिहार, 27 अगस्त (हि.स.)। 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के तहत समाज में कन्या जन्म को प्रोत्साहित करने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला स्तरीय 'बेटी जन्मोत्सव' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाहरणालय परिसर में महिला एवं बाल विकास निगम तथा आईसीडीएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी (डीएम), कटिहार ने की। कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्या शिशुओं को 'बेबी किट' व माताओं को फलों की टोकरी देकर सम्मानित किया गया, वहीं आंगनबाड़ी की छात्राओं को स्कूल बैग व पानी की बोतलें वितरित की गईं।

नवजात शिशुओं की माताओं को सम्मान और शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर

समारोह में 0 से 3 माह तक की नवजात बच्चियों एवं उनकी माताओं को मंच पर आमंत्रित कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। डीएम ने अभिभावकों से संवाद करते हुए कहा कि कन्या शिशुओं का समय पर संपूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेटियां समाज और देश के विकास की मजबूत धुरी हैं, इसलिए उनके जन्म का स्वागत करने के साथ-साथ उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है।

आंगनबाड़ी बच्चियों को मिला स्कूल बैग, पढ़ाई के लिए किया गया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित बालिकाओं को 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' के लोगोयुक्त स्कूल बैग एवं वाटर बॉटल प्रदान किए गए। जिला पदाधिकारी ने बच्चियों को नियमित स्कूल जाने, लगन से पढ़ाई करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों से बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी

इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ), आईसीडीएस ने योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में जिले के कई विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह