बीपीएससी की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की तारीख घोषित

 


पटना, 20 नवंबर (हि.स.)। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की संभावित तारीख 17 जनवरी 2027 निर्धारित की है।

बीपीएससी 72वीं प्रारंभिक परीक्षा की तारीख में इससे पहले दो बार बदलाव हो चुका है।

आयोग के शुरुआती कैलेंडर के अनुसार, परीक्षा 26 जुलाई 2026 को आयोजित होनी थी। बाद में इसकी तारीख बदलकर 25 अक्टूबर 2026 कर दी गई। हालांकि, अपरिहार्य कारणों से अक्टूबर में प्रस्तावित परीक्षा भी स्थगित कर दी गई थी। इसके बाद से अभ्यर्थी नई तारीख का इंतजार कर रहे थे। अब आयोग के आधिकारिक परीक्षा कैलेंडर में 17 जनवरी 2027 की संभावित तिथि सामने आने के बाद उम्मीदवारों को अपनी तैयारी की रणनीति बनाने में सहूलियत होगी।

बीपीएससी की 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 1,186 पदों पर नियुक्ति की जानी है। शुरुआत में आयोग ने 1,230 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था। बाद में गन्ना पदाधिकारी के 44 पदों को हटाए जाने के बाद रिक्तियों की संख्या घटकर 1,186 रह गई। इसके बाद अवर निरीक्षक के तीन पद जोड़े गए और पुलिस उपाधीक्षक के दो पद घटा लिए गए। पुलिस उपाधीक्षक के लिए 22 वैकेंसी से घटकर 20 वैकेंसी कर दी गई। इसके बाद वर्तमान में वैकेंसी की संख्या 1187 है। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया मई 2026 में पूरी हो चुकी है. अब अभ्यर्थियों की नजर प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन पर टिकी है।

इस भर्ती प्रक्रिया में सबसे अधिक 365 पद राजस्व अधिकारी एवं समकक्ष के लिए निर्धारित हैं. इसके अलावा सहकारिता प्रसार पदाधिकारी के 130 पद और अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी के 101 पद शामिल हैं। अनुमंडल संरक्षण पदाधिकारी के पद केवल महिलाओं के लिए हैं. प्रशासनिक सेवा के तहत अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अथवा वरीय उप समाहर्त्ता के 100 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। राज्य-कर सहायक आयुक्त के 76 पद, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी के 70 पद और ग्रामीण विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के 65 पदों पर बहाली होगी। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 56, नगर कार्यपालक पदाधिकारी के 54 और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के 20 पद निर्धारित हैं। इन पदों के अलावा विभिन्न विभागों के अन्य पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी