अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर मेधावी बच्चों को किया गया सम्मानित
दरभंगा।, 11 अक्टूबर (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में मेधावी छात्र-छात्राओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम तथा समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह का उद्घाटन जिलाधिकारी कौशल कुमार, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चांदनी सिंह और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डीएम कौशल कुमार ने कहा कि बेटियां शिक्षा, खेलकूद और कला सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। उन्होंने बालिकाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर देते हुए कहा कि बालिका सशक्तीकरण समृद्ध समाज की नींव है।
समारोह में बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय में जिला स्तर पर शीर्ष तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। खेल एवं कला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों और किलकारी बाल भवन केंद्र के प्रतिभागियों को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के लोगो वाले ट्रैक सूट और कप प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान किलकारी केंद्र के बच्चों ने महिला सशक्तीकरण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संदेशपरक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी चांदनी सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बालिकाओं के कल्याण एवं सुरक्षा के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी।
समारोह में जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन और वन स्टॉप सेंटर के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन बालिकाओं को सुरक्षित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra