दरभंगा में हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापना की पहल का अधिवक्ताओं ने किया स्वागत

 

दरभंगा, 24 नवंबर (हि.स.)।

मिथिलांचल की हृदयस्थली दरभंगा में पटना उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित करने की बहुप्रतीक्षित मांग को लेकर सकारात्मक पहल से अधिवक्ताओं एवं न्यायार्थियों में खुशी है। दरभंगा में हाईकोर्ट की खंडपीठ के गठन के लिए एम्स के बगल में 25 एकड़ जमीन चिह्नित करने की मंत्री मदन सहनी की घोषणा का अधिवक्ताओं ने स्वागत किया है। उन्होंने इस पहल के लिए मंत्री मदन सहनी एवं दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर के प्रति आभार जताया है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि दरभंगा में उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित होने से मिथिलांचल के लाखों लोगों को न्याय के लिए बार-बार पटना की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी। खासकर गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

उल्लेखनीय है कि सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने मानसून सत्र के दौरान केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से मुलाकात कर दरभंगा में उच्च न्यायालय की स्थायी खंडपीठ स्थापित करने तथा न्यायिक सुविधाओं के विस्तार की मांग की थी।

इस पहल पर वरीय अधिवक्ता बैद्यनाथ झा, जितेंद्र नारायण झा, अरुण कुमार चौधरी, वीरेंद्र कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार चौधरी, विजय नारायण चौधरी, रमण जी चौधरी, रतन कुमार झा बब्लू एवं बार एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण कुमार मिश्र सहित अन्य अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की है।

वहीं, जिला न्यायार्थी संघ के चौधरी सुनील कुमार राय, गोविंद मिश्र, जयशंकर प्रसाद चौधरी, गोविंद झा एवं आनंद कुमार चौधरी ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मिथिलांचल के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra