दरभंगा एयरपोर्ट के पास लॉजिस्टिक पार्क व कार्गो हब के लिए 225.91 करोड़ स्वीकृत

 


दरभंगा, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दरभंगा एयरपोर्ट के निकट लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के निर्माण के लिए 49.9973 एकड़ जमीन अधिग्रहण हेतु बिहार सरकार ने 225.91 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी है। सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।

सांसद ने कहा कि इस परियोजना से मिथिला के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। मखाना, फल-सब्जियों, कृषि उत्पादों और मधुबनी पेंटिंग से जुड़े सामान के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही परिवहन, भंडारण एवं आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

डॉ. ठाकुर ने बताया कि इससे पहले 13 जनवरी 2026 को लगभग 50 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 138.82 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी। लागत के पुनर्मूल्यांकन के बाद अब पुनरीक्षित राशि बढ़ाकर 225.91 करोड़ रुपये कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दरभंगा में एयरोसिटी, पांच सितारा होटल और आधुनिक सुविधाओं के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। इससे दरभंगा को उत्तर बिहार के प्रमुख व्यापारिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra