संजय सरावगी ने दरभंगा एम्स के लिए अतिरिक्त 700 करोड़ की राशि स्वीकृत करने पर केंद्र सरकार का जताया आभार
पटना, 27 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार के दरभंगा एम्स के लिए पूर्व में स्वीकृत 1264 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 700 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान करने पर बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रसन्नता जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।
सरावगी ने बताया कि 25 मार्च 2026 को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में दरभंगा एम्स के लिए पूर्व में स्वीकृत 1264 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 700 करोड़ रुपये की राशि को स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने इसे ऐतिहासिक एवं जनहितकारी निर्णय बताते हुए इसके लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा को भी धन्यवाद देते हुए आभार जताया।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना को नई गति और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आज लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सरकार दरभंगा एम्स के निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
संजय सरावगी ने कहा कि यह निर्णय बिहार, विशेषकर मिथिला क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। लंबे समय से प्रतीक्षित दरभंगा एम्स के निर्माण में जो भी बाधाएँ आ रही थीं, अब वे पूरी तरह समाप्त होंगी।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त वित्तीय स्वीकृति मिलने से निर्माण कार्य में तेजी आएगी और यह प्रतिष्ठित संस्थान शीघ्र ही बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि इस राशि से दरभंगा एम्स के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा और लोगों का एक बड़ा सपना साकार होगा।
उन्होंने आगे कहा कि दरभंगा एम्स के निर्माण से न केवल बिहार बल्कि पड़ोसी राज्यों के लाखों लोगों को उच्च स्तरीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ प्राप्त होंगी। यह संस्थान आधुनिक चिकित्सा, शोध एवं प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र बनेगा, जिससे क्षेत्रीय स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा बिहार में स्वास्थ्य अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए लगातार ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। दरभंगा एम्स के लिए अतिरिक्त राशि की स्वीकृति इसी संकल्प का प्रमाण है कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र पर चलते हुए देश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
यह निर्णय न केवल विकास की नई दिशा तय करेगा, बल्कि बिहार के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी रखेगा।
उन्होंने दरभंगा एम्स को मिली अतिरिक्त राशि के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा तथा स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को भी धन्यवाद देते हुए आभार जताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त