हर पात्र किसान तक समय पर पहुंचे योजनाओं का लाभ: डीएओ ने मनिहारी व मनसाही कार्यालय का किया निरीक्षण
कटिहार, 29 नवंबर (हि.स.)। जिले के किसानों को रबी मौसम में समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कृषि पदाधिकारी (डीएओ) राजीव कुमार ने रविवार को मनिहारी और मनसाही प्रखंड कृषि कार्यालयों का औचक निरीक्षण कर बीज वितरण कार्य की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएओ ने दोनों प्रखंडों के प्रखंड कृषि पदाधिकारियों (बीएओ) और संबंधित कृषि कर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि हाइब्रिड मक्का, हरा मटर, सफेद मटर एवं चना के बीजों का वितरण सभी पात्र एवं चयनित किसानों के बीच 30 नवंबर 2026 तक हर हाल में शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
समीक्षा के क्रम में जिला कृषि पदाधिकारी ने बीज विक्रेताओं द्वारा अपनाई जा रही ऑनलाइन बिलिंग व्यवस्था, भंडारण तथा वितरण से जुड़े सभी अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीज वितरण प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाए और ऑनलाइन पोर्टल पर लाभुकों की प्रविष्टि ससमय सुनिश्चित हो।
डीएओ ने स्पष्ट कहा कि कृषि विभाग की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक समय पर पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी कर्मी आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह