बालू लदा 16 चक्का डंपर जब्त, चालक के पास नहीं मिले वैध कागजात
किशनगंज, 17मार्च(हि. स.)। ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली थाना क्षेत्र में अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक 16 चक्का डंपर को जब्त किया है। यह कार्रवाई पेटभरी के समीप वाहन जांच के दौरान की गई।
पौआखाली थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि नियमित जांच के क्रम में संदिग्ध डंपर को रोका गया। जांच के दौरान चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि जब्त डंपर के संबंध में जिला खनन विभाग को सूचित कर दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई विभागीय निर्देशों के अनुरूप की जाएगी।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध बालू परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह