पौआखाली में टूटी सड़क बनी परेशानी का कारण, दो वार्डों के लोगों की बढ़ी मुश्किलें
किशनगंज, 23 अगस्त (हि.स.)। नगर पंचायत पौआखाली के वार्ड संख्या 8 में शिव मंदिर से फुलवारी की ओर जाने वाली सड़क क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
दो वार्डों को जोड़ने वाली यह सड़क आसपास के लोगों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क के जर्जर होने से पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और छोटे वाहनों के आवागमन में भी कठिनाई हो रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क का एक बड़ा हिस्सा टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया है। कई जगह सड़क के नीचे की मिट्टी और संरचना कमजोर हो गई है। लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे से आसपास के क्षेत्रों का पानी गुजरता है।
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क लगातार प्रभावित हो रही है। बरसात में समस्या और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
क्षतिग्रस्त सड़क के कारण रात के समय दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। सड़क के टूटे हिस्से पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम नहीं होने से राहगीरों को परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने समय रहते सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि क्षतिग्रस्त हिस्सा और अधिक न बढ़े।
वार्ड पार्षद प्रतिनिधि दिलीप दास ने बताया कि सड़क की समस्या की जानकारी नगर पंचायत को दी जा चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल खानापूर्ति के तौर पर मरम्मत करने के बजाय जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए सड़क की तकनीकी रूप से बेहतर मरम्मत कराई जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन दो वार्डों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क का लंबे समय से क्षतिग्रस्त रहना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से सड़क की स्थिति का निरीक्षण कर जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह