बक्सर प्रधान डाकघर में शुरू हुआ दूसरा आधार सेवा केंद्र, डाक बुकिंग का समय भी बढ़ा

 


बक्सर, 16 जुलाई (हि.स.)। आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भारतीय डाक विभाग ने बक्सर प्रधान डाकघर में दूसरा आधार सेवा केंद्र शुरू किया है।

डाक अधीक्षक बक्सर प्रमंडल कुमारी सरिता ने बताया कि पहले से संचालित आधार केंद्र पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त केंद्र खोला गया है, जिससे लोगों को आधार संबंधी कार्यों में कम समय लगेगा। यहां नया आधार नामांकन, नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल और बायोमेट्रिक अपडेट सहित सभी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने बताया कि जल्द ही बक्सर प्रमंडल के अन्य डाकघरों में भी आधार सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा आम जनता और व्यापारियों की सुविधा के लिए प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल व अन्य डाक बुकिंग सेवाओं का समय बढ़ाकर सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक कर दिया गया है।

डाक अधीक्षक ने कहा कि भारत डाक फ्रेंचाइजी योजना 2.0 के तहत बेरोजगार युवाओं और उद्यमियों को स्वरोजगार का अवसर मिल रहा है। इस योजना में स्पीड पोस्ट, पार्सल और अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं से जुड़कर 7 से 30 प्रतिशत तक कमीशन अर्जित किया जा सकता है।

उन्होंने युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों से योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि डाक विभाग आधार, बैंकिंग, बीमा और डिजिटल सेवाओं के माध्यम से नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra