चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर: भागलपुर समेत पूर्वी बिहार में कल भारी बारिश और वज्रपात का येलो अलर्ट

 

भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से में उठे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब बिहार के मौसम पर भी दिखाई देने लगा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पटना केंद्र ने 20 से 22 नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। विशेष रूप से शनिवार, 21 नवंबर को भागलपुर, बांका, जमुई और कटिहार जिलों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, चक्रवात ‘अकवान’ 26 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को ही भागलपुर सहित राज्य के 13 जिलों में आसमान में आंशिक बादल छाने लगे हैं।

विभाग ने शनिवार को दक्षिण-पूर्व और उत्तर-पूर्व बिहार के जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन और आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है। बारिश और सुबह के समय छाने वाले कोहरे व धुंध के कारण जिले के तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। 23 नवंबर तक हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रहने के बाद 24 नवंबर से मौसम के फिर से शुष्क होने का अनुमान है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग और प्रशासन ने आम लोगों व किसानों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति में लोगों से खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है।

निचले इलाकों में जलजमाव और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की भी आशंका जताई गई है। कटी हुई फसलों और खलिहान में रखी उपज को तुरंत सुरक्षित एवं सूखे स्थानों पर पहुंचा दें या तिरपाल से अच्छी तरह ढक दें। किसानों को सब्जियों और अन्य फसलों में अनावश्यक सिंचाई न करने तथा खेतों से अतिरिक्त पानी की निकासी (ड्रेनेज) की उचित व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर