एसएसबी मुख्यालय एवं बीओपी में साइकिल रैली और योगाभ्यास का आयोजन
अररिया 29 नवम्बर(हि.स.)। एसएसबी 56 वीं बटालियन मुख्यालय समेत सभी बाह्य सीमा चौकी में फिट इंडिया मूवमेंट के सौवें एडिशन में संडे ऑन फिटनेस अभियान के अंतर्गत साइकिल रैली एवं योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।एसएसबी 56 वीं बटालियन के द्वितीय कमान अधिकारी नितिन कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत साइकिल रैली के साथ हुई, जिसमें वाहिनी के अधिकारीगण, धीनस्थ अधिकारी तथा अन्य बल कार्मिकों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। साइकिल रैली के माध्यम से कर्मियों तथा स्थानीय नागरिकों को नियमित शारीरिक व्यायाम, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
साइकिल रैली के पश्चात सामूहिक योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित कार्मिकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम किए। इस अवसर पर अधिकारियों ने नियमित योग और फिटनेस को दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने पर बल दिया, जिससे तनाव नियंत्रण के साथ-साथ कर्तव्य निर्वहन के लिए आवश्यक शारीरिक व मानसिक क्षमता सुदृढ़ रहती है।मौके पर वाहिनी के सभी अधिकारी एवं अन्य बल कार्मिकों की सक्रिय व उत्साहपूर्ण सहभागिता रही।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर