साइबर स्मार्ट अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 


भागलपुर, 21 जुलाई (हि.स.)। बिहार पुलिस मुख्यालय साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई पटना के निर्देशानुसार साइबर स्मार्ट अभियान के अंतर्गत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मंगलवार को व्यापक साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं अभिभावकों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करना रहा। इसी क्रम में साइबर थाना भागलपुर द्वारा नवयुग विद्यालय, आदमपुर में जिला स्तरीय मुख्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी अलंकृत पांडे, वरीय पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ तथा साइबर थाना के पदाधिकारी एवं कर्मी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि वर्तमान समय में जीवन का प्रत्येक क्षेत्र डिजिटल तकनीक से जुड़ चुका है। बैंकिंग, शिक्षा, व्यापार, सरकारी सेवाओं तथा सामाजिक संपर्क के लिए इंटरनेट एवं स्मार्टफोन का उपयोग निरंतर बढ़ रहा है। ऐसे में साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक आवश्यकता बन गई है।

उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, संदिग्ध वेबसाइट, क्यूआर कोड, मोबाइल एप अथवा सोशल मीडिया संदेश पर बिना सत्यापन के विश्वास न करें। किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता विवरण, सीवीवी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करें। डीएम ने विशेष रूप से विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनें तथा अपने माता-पिता, परिवार के सदस्यों, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दें।

कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना के अधिकारियों द्वारा छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, विशिंग, स्मिशिंग, फर्जी केवायसी तथा अन्य प्रचलित साइबर अपराधों के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही इन अपराधों से बचाव के लू अपनाए जाने वाले व्यावहारिक उपायों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर