साइबर थाना द्वारा 50 हजार की साइबर ठगी की राशि कराई गई वापस

 


भागलपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। साइबर थाना भागलपुर द्वारा गुरुवार को बताया गया कि त्वरित कार्रवाई कर 50 हजार की साइबर ठगी की राशि पीड़ित को वापस कराई गई है।

उल्लेखनीय है कि वैशाली जिला निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से बीते 2 जुलाई को साइबर ठगी के माध्यम से 50,000 की अवैध निकासी कर ली गई थी। बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त राशि भागलपुर निवासी एक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हुई थी। इसके उपरांत पीड़ित द्वारा साइबर थाना, भागलपुर से संपर्क स्थापित कर आवेदन दिया गया। आवेदन प्राप्त होते ही साइबर थाना, भागलपुर द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाई गई, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित की 50,000 की संपूर्ण राशि वापस कराई गई।

भागलपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें तथा निकटतम साइबर थाना से संपर्क करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर