सारण में साइबर ठगी कर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार

 


सारण, 29 जुलाई (हि.स.)। एकमा पुलिस ने सोशल नेटवर्किंग व डेटिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपित विकास कुमार, एजाज अली, प्रकाश विद्यार्थी और साहिल अंसारी को गिरफ्तार कर किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों से दोस्ती करता था।

इसके बाद पीड़ितों को मिलने के बहाने किसी सुनसान जगह, होटल या कमरे पर बुलाया जाता था। वहां पहले से मौजूद साथी पीड़ित को घेरकर बंधक बना लेते थे। फिर जान से मारने की धमकी देकर उनके जबरन अश्लील वीडियो व तस्वीरें बना ली जाती थीं। आरोपित अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल कर नकदी, मोबाइल लूट लेते थे और यूपीआई के जरिए जबरन बैंक खातों से पैसे भी ट्रांसफर करा लेते थे।

बदनामी के डर से ज्यादातर पीड़ित चुप रहते थे, लेकिन पुलिस ने एक पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर तकनीकी सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल मोबाइल और साक्ष्य बरामद हुए हैं। पुलिस ने आम जनता को अनजान ऐप और अजनबियों से सतर्क रहने की सलाह दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार