बक्सर एसपी शुभम आर्य के साइबर सुरक्षा के प्रति संदेश से जागरूक हुए विद्यार्थी, दिया सुरक्षित डिजिटल उपयोग का संदेश

 


बक्सर, 22 अगस्त (हि.स.)। “साइबर सिक्योर बिहार” जागरूकता अभियान के तहत फाउंडेशन स्कूल एवं जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को साइबर अपराध से बचाव और इंटरनेट के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूक करने के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिहार पुलिस, भारतीय स्टेट बैंक एवं इंटेननेक्स्ट के संयुक्त प्रयास से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्या रहे। वहीं साइबर डीएसपी एवं महिला थाना की थानाध्यक्ष विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता बरतने, व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।

साइबर डीएसपी ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक व संदेश, डिजिटल धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। महिला थाना की थानाध्यक्ष ने छात्राओं को साइबर उत्पीड़न समेत महिलाओं से जुड़ी डिजिटल सुरक्षा संबंधी समस्याओं और उनसे बचाव के उपाय बताए।

कार्यक्रम के रिसोर्स पर्सन अभिनव दास ने तकनीकी एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से साइबर सुरक्षा की बारीकियों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में छोटी-सी लापरवाही भी साइबर अपराध का कारण बन सकती है।

फाउंडेशन स्कूल के प्राचार्य मनोज त्रिगुण एवं जी.डी. मिश्रा इंस्टीट्यूट ऑफ हायर स्टडीज के प्राचार्य डॉ. जे.आर. चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. चौधरी ने प्रशिक्षुओं को डिजिटल रूप से सक्षम एवं जागरूक बनने तथा तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से इस्तेमाल करने की सलाह दी।

इस दौरान विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों एवं रिसोर्स पर्सन ने सरल भाषा में जवाब दिया। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर साइबर अपराध से बचाव और डिजिटल सतर्कता का संदेश भी दिया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय एवं संस्थान प्रशासन ने सभी अतिथियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को सुरक्षित, सजग और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra