छपरा में स्वतंत्रता दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, विजेताओं को 25 हजार रुपए तक का नगद पुरस्कार की घोषणा
सारण, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा शनिवार की शाम भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम-सह-प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति व भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी व नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में संस्कृति द मॉडल स्कूल ने प्रथम, पीएम श्री विश्वेश्वर सेमिनरी ने द्वितीय और एसडीएस पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में एसडीएस सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल प्रथम रहा, जबकि छपरा सेंट्रल स्कूल को द्वितीय व फणी भूषण संगीत नृत्य अकादमी को तृतीय पुरस्कार मिला।
इसके अलावा समरजीत स्वर्णकार, किलकारी ग्रुप, रौनक रतन और सीपीएस छपरा की टीमों ने विशेष प्रस्तुतियां दीं। जिला प्रशासन द्वारा विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार राशि की घोषणा की गई प्रथम पुरस्कार 25,000, द्वितीय पुरस्कार 15,000 तृतीय पुरस्कार 11,000 यह राशि विजेता टीमों द्वारा कला, संस्कृति के विकास और प्रशिक्षण के लिए उपयोग की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार