स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन

 


भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। टी.एन.बी. महाविद्यालय के सांस्कृतिक परिषद के तत्वावधान में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर एक भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपो महतो, सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्षा डॉ. जनक कुमारी श्रीवास्तव एवं महाविद्यालय के वरीय शिक्षकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. दीपो महतो ने सांस्कृतिक परिषद द्वारा की गई तैयारियों और महाविद्यालय प्रशाल की आकर्षक साज-सज्जा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ कौशल का विकास भी अत्यंत आवश्यक है। इसके पूर्व, अतिथियों का स्वागत सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्षा डॉ. जनक श्रीवास्तव ने किया

। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान सबसे खास और आकर्षण का केंद्र छात्रों द्वारा स्वयं गायन, वाद्य यंत्र वादन और उस पर नृत्य की सामूहिक प्रस्तुति रही। छात्र-छात्राओं के आपसी तालमेल और कुशलतापूर्वक सामंजस्य ने कार्यक्रम में समां बांध दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत इनायत, मेहर, अफ्शा, सृष्टि और जेबा ने अपने सुरीले गायन से, बबली, मुस्कान, नाव्या, आर्य रंजन और कोमल ने आकर्षक नृत्य से, तथा नीरज ने शानदार वाद्य यंत्र वादन से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर