मानव श्रृंखला बनाकर सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर जवानों को दी गई बधाई
Jul 27, 2026, 18:15 IST
अररिया 27 जुलाई(हि.स.)। फारबिसगंज के तिरसकुण्ड पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय आदिवासी टोला मधुरा में सोमवार को सीआरपीएफ स्थापना दिवस पर स्कूली बच्चों ने मानव श्रृंखला तैयार कर सीआरपीएफ जवानों और अधिकारियों को बधाई दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय प्रधान मिथिलेश कुमार सिंह ने सीआरपीएफ दिवस को लेकर स्थापना और उद्देश्य के बारे में बच्चों को जानकारी दी।
वहीं शिक्षक रंजीत कुमार मंडल ने बच्चों को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना कल्पना दत्त की जयंती पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। कवि सह शिक्षक संजीत कुमार निगम ने प्रभु जगन्नाथ के पावन मिलन और प्रेम के उत्सव नीलाद्री बिजे के बारे में बच्चों को जानकारी दी।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर