सिंह संक्रांति पर गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं ने लगाई आस्था की डुबकी

 


भागलपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। सिंह संक्रांति के पावन अवसर पर रविवार को जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह से ही प्रमुख घाटों पर उत्सव जैसा माहौल देखा गया। जिले के सबसे प्रमुख बरारी सीढ़ी घाट, पुल घाट, सुल्तानगंज के उत्तरवाहिनी गंगा घाट और कहलगांव के विभिन्न घाटों पर सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था।

इसके अलावा शहरी और ग्रामीण इलाकों से जुड़े अन्य छोटे-बड़े गंगा घाटों पर भी महिलाओं की लंबी कतारें देखी गईं। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार, महिलाओं ने पवित्र गंगा नदी में स्नान कर अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। स्नान के पश्चात बरारी सीढ़ी घाट और अन्य तटों पर बने मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।

इस दौरान महिलाओं ने भगवान भास्कर और मां गंगा को अर्घ्य दिया। पूजा संपन्न होने के बाद घाट पर ही एक-दूसरे को तिलक लगाया गया और विशेष रूप से तैयार किया गया प्रसाद ग्रहण किया गया।

त्योहार को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से प्रमुख घाटों पर सुरक्षा और सफाई के विशेष इंतजाम किए गए थे। घाटों पर बैरिकेडिंग की गई थी और गोताखोरों की टीम भी मुस्तैद दिखी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर