सोलर मेले में उमड़ी भीड़, 111 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीकरण, शून्य बिजली बिल वालों को मिला सम्मान

 


भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। शहर के टाउन हॉल में मंगलवार को 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' को बढ़ावा देने के लिए एक दिवसीय भव्य सोलर-सह-लोन मेले का सफल आयोजन किया गया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सौर ऊर्जा के लाभों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने घरों पर सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, भागलपुर की जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और भागलपुर विधानसभा के विधायक रोहित पांडेय समेत अन्य वरीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस मौके पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल पर्यावरण के अनुकूल है, बल्कि आम जनता के बिजली खर्च को कम करने का सबसे बेहतरीन माध्यम है। मेले में बिजली विभाग के अभियंताओं ने उपभोक्ताओं की तकनीकी शंकाओं को दूर किया और आवेदन की पूरी प्रक्रिया समझाई। इस दौरान सौर ऊर्जा अपनाकर अपना बिजली बिल 'शून्य' करने वाले उपभोक्ताओं को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया।

ऑन-द-स्पॉट लोन और रजिस्ट्रेशनमेले में आए लोगों को तुरंत रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी गई, जिसका फायदा उठाते हुए कुल 111 उपभोक्ताओं ने सोलर पैनल लगवाने के लिए अपना पंजीकरण कराया। इसके साथ ही मौके पर 5 उपभोक्ताओं के लोन को मंजूरी दी गई, जबकि पहले से स्वीकृत 5 लोन की तकनीकी दिक्कतों को दूर कर सीधे उनके खातों में राशि ट्रांसफर की गई। अधिकारियों ने मेले में जानकारी दी कि इस योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 3 किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार द्वारा 78,000 और राज्य सरकार द्वारा 20,000 की राशि दी जा रही है।

यानी उपभोक्ताओं को कुल ₹98,000 की भारी सब्सिडी मिलेगी, जिससे उनका बिजली बिल जीरो हो सकता है। मेले में विभिन्न सोलर कंपनियों और बैंकों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए थे। यहाँ नागरिकों को आसान किस्तों पर लोन और सोलर पैनल की तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी गई। इस मेले में भागलपुर के हजारों स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया और अपने घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर