टॉप-10 अपराधियों में शामिल कुख्यात सिंटू यादव गिरफ्तार

 


भागलपुर, 09 जून (हि.स.)। नवगछिया पुलिस को अपराध नियंत्रण के अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कुख्यात अपराधी सिंटू यादव को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। उक्त आशय की जानकारी मंगलवार को नवगछिया एसपी वैभव शर्मा ने दी।

एसपी ने बताया कि सिंटू यादव की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खरीक थाना क्षेत्र के अंबो भगवती स्थान के समीप वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी की और सिंटू यादव को दबोच लिया।

गिरफ्तार अपराधी की पहचान खरीक थाना क्षेत्र के नवटोला भवनपुर निवासी सिंटू यादव (पिता- महेंद्र यादव) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में खरीक थाना कांड संख्या 172/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। साथ ही उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों के संबंध में भी जांच तेज कर दी गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सिंटू यादव के खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि वह अपने गिरोह के साथ क्षेत्र में दहशत फैलाकर किसानों और स्थानीय लोगों से रंगदारी वसूलता था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर