वारदात से पहले देसी कट्टा के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
भागलपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। भागलपुर पुलिस ने समय रहते एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विश्वविद्यालय थाना अंतर्गत परबती क्षेत्र से एक युवक को अवैध हथियार के साथ दबोच लिया।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने रविवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को एक विश्वसनीय सूत्र से जानकारी मिली थी कि एक युवक हथियार लेकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष अविनाश राउत के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए संदिग्ध युवक को दबोच लिया, जिसकी पहचान स्थानीय निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के समय तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। सिटी एसपी के अनुसार, धीरज किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था, लेकिन उसकी साजिश जमीन पर उतरने से पहले ही पुलिस ने उसे सलाखों के पीछे भेज दिया। पुलिस अब गहनता से इस बात की जांच कर रही है कि धीरज के पास यह अवैध हथियार कहां से आया और उसका असल मकसद क्या था। इसके अलावा, पुलिस धीरज के मोबाइल रिकॉर्ड्स और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों को खंगाल रही है ताकि किसी संभावित आपराधिक गिरोह या कनेक्शन का पर्दाफाश किया जा सके।
आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर