हथियार के बल पर लूट करने वाले दो अपराधी गिरफ्तार, हथियार और नकदी बरामद

 




भागलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। सिटी एसपी अतुलेश झा ने शनिवार को बताया कि जिले के रसलपुर थाना क्षेत्र में देशी कट्टे का भय दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और लूट की नकदी भी बरामद की गई है। सिटी एसपी ने बताया कि 17 जुलाई को सूचना मिली कि रसलपुर थाना क्षेत्र में फोरलेन पर सुनील मंडल से देशी कट्टा दिखाकर करीब 1500 रुपये की छिनतई की गई है।

सूचना मिलते ही रसलपुर थाना पुलिस सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से घटना में शामिल एक आरोपी छोटू कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

इसके बाद फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कहलगांव-1 और रसलपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान रामपुर खरहारा के समीप से दूसरे आरोपी संजय कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और 1,540 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू कुमार और संजय कुमार, दोनों निवासी रसलपुर थाना क्षेत्र, भागलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर