हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 10 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत नाथनगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध हथियार, नकदी और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। उक्त आशय की जानकारी बुधवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने दी।
सिटी एसपी ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई कि नाथनगर थाना क्षेत्र के बाबूटोला निवासी मनोज यादव किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की नीयत से अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए हैं।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 तथा नाथनगर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बाबूटोला स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 ग्राम स्मैक, एक मैगजीन, 50 हजार रुपये नकद तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने मनोज यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और उसके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर