देसी कट्टा, जिंदा कारतूस के साथ अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 06 जून (हि.स.)। पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। जिले के एकचारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने छापेमारी कर एक अपराधी को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उक्त आशय की जानकारी शनिवार को पिरपै़ती एसडीपीओ गरीमा ने दी।
एसडीपीओ ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एकचारी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र निवासी चंद्रेश मंडल उर्फ शंकर मंडल को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा, 25 जिंदा कारतूस और 4 खोखा बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था और उसके साथ अन्य कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर