स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई; 209 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर अभिषेक गिरफ्तार
भागलपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। जिले को नशामुक्त करने और युवाओं को इसके चंगुल से बचाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर विशेष महाअभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। मोजाहिदपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 209 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्मैक की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने गुरुवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया। सिटी एसपी ने बताया, जिले में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए हॉट स्पॉट को चिह्नित कर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में मोजाहिदपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उल्टा पुल जामा मस्जिद के पास मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर-02 और मोजाहिदपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम जब उल्टा पुल जामा मस्जिद के समीप पहुँची, तो वहां मौजूद संदिग्ध पुलिस बल को देखकर भागने लगे। मौके पर मुस्तैद सशस्त्र बल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर एक अभियुक्त को धर दबोचा। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अभिषेक आनंद (पिता- स्व० मनोज प्रसाद सिंह, निवासी- महेशपुर अलीगंज, थाना- बबरगंज, जिला- भागलपुर) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके पास से 209 ग्राम स्मैक और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस ड्रग सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है। इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इस बड़ी बरामदगी और सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम की सराहना की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर