12.50 ग्राम ब्राउन शुगर और नकदी के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष महाअभियान स्वस्थ युवा स्वस्थ भागलपुर के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
जगदीशपुर थाना पुलिस ने पुरैनी अहमदखानी गांव में छापेमारी कर 12.50 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी कार्यालय से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जगदीशपुर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पुरैनी अहमदखानी निवासी ईलियास शाह अपने घर में अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक (के निर्देश, सिटी एसपी की निगरानी और डीएसपी (विधि-व्यवस्था) और जगदीशपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने जब ईलियास शाह के घर के पास घेराबंदी की, तो पुलिस बल को देखकर कुछ युवक भागने लगे। सशस्त्र बल की मदद से पुलिस ने खदेड़ कर तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान पुरैनी अहमदखानी निवासी ईलियास शाह (पिता मनीर शाह), सानू (पिता मो. रशीद) और मो. इब्राहिम (पिता स्व. जसीम) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके पास से 12.50 ग्राम ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और 450 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस कार्रवाई में जगदीशपुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार, पुअनि अमरजीत कुमार, सिपाही सोहन कुमार, अमिर कुमार और मान सिंह शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर