सुलतानगंज में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ तीन युवक गिरफ्तार
भागलपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र के दिलगौरी वार्ड नंबर-13 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध हथियार के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पकड़े गए बदमाशों की पहचान कासिमपुर वार्ड नंबर-8 निवासी जादू दास, मो. शहंशाह और डब्लू कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से इलाके में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने दिलगौरी क्षेत्र में घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही तीनों युवक भागने लगे, लेकिन मौके पर मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उन्हें धर दबोचा। तलाशी लेने पर उनके पास से कट्टा और गोलियां बरामद की गईं।
मामले की जानकारी देते हुए विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में यह बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अपराधियों के बैकग्राउंड और उनके किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े होने के बिंदुओं पर पूछताछ व आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर