लूटकांड के मामले में एक अपराधी गिरफ्तार
भागलपुर, 31 मार्च (हि.स.)। जिले के घोघा थाना क्षेत्र के चर्चित लूटकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने इस कांड में शामिल एक और अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। 31 जनवरी 2026 को मिर्जाचौकी मुंगेर फोरलाइन के पास राहुल कुमार से कट्टा दिखाकर मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया गया था। इस मामले में घोघा थाना मे प्राथमिकी दर्ज की गई था।
मामले के उद्भेदन और आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी भादो उर्फ सुनील मंडल को पटना रेलवे स्टेशन स्थित महावीर मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले ही 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर